लातेहार: शहर के सरस्वती विद्या मंदिर में गुरुवार को विद्यालय की रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण ई-पत्रिकाओं का भव्य लोकार्पण किया गया. मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी, प्रचार-प्रसार विभाग प्रमुख कपिल देव प्रमाणिक, प्रचार-प्रसार विभाग की शिल्पा कुमारी, उपासना कुमारी, शिवानी कुमारी, श्रिष्टी सिंह, गीता कुमारी तथा संपादक टोली के बच्चे शामिल थे.
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ. इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मुखर्जी ने कहा कि ई-पत्रिकाएं विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं संस्कारपरक गतिविधियों का जीवंत दस्तावेज हैं. इन पत्रिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा, शिक्षकों की सृजनशीलता तथा विद्यालय की उपलब्धियों को व्यापक मंच प्राप्त होता है.
उन्होंने संपादक टोली, प्रचार-प्रसार विभाग एवं वाटिका विभाग को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी निरंतर नवाचार करने के लिए प्रेरित किया.
प्रचार-प्रसार विभाग ने बताया कि 'नन्हे कदम' में शिशु वाटिका एवं प्राथमिक वर्ग की विविध गतिविधियों, रचनात्मक कार्यों, संस्कार शिक्षा, योग, भ्रमण तथा विशेष आयोजनों का सुंदर संकलन किया गया है. वहीं, 'स्टूडेंट स्पॉटलाइट' के अप्रैल से जून अंक में विद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों, प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की रचनाओं एवं प्रेरणादायक समाचारों को स्थान दिया गया है.
