लातेहार. समाहरणालय के सभागार मे उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति तथा कार्य निष्पादन में आ रही समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गयी. शिक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 10 तक के विद्यार्थियों के ई-कल्याण पोर्टल पर डेटा ऑनलाइन करने की प्रगति पर चर्चा की गयी.
आदिम जनजाति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा
जिले में कुल 115103 विद्यार्थियों के लक्ष्य के विरुद्ध 73660 विद्यार्थियों का डाटा एंट्री कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि 41443 विद्यार्थियों का डाटा लंबित है. उपायुक्त ने शेष डाटा एंट्री कार्य को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया. आदिम जनजाति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा में आदिम जनजाति परिवारों की डाकिया योजना के तहत प्राप्त आवेदनों एवं लाभुकों की स्थिति की जानकारी ली गयी. मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत जिले में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 59 अनुसूचित जाति, 29 अनुसूचित जनजाति एवं 22 पिछड़ा वर्ग के आवेदन शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: चकला में 31 अगस्त को ग्रामसभा, चितरपुर कोल माइंस के लिए भूमि अधिग्रहण पर ग्रामीणों ली जायेगी सहमति
विकास के कार्यों को गति प्रदान करें
उपायुक्त ने पात्र आवेदनों का आवश्यक प्रक्रिया के तहत शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा है. उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित करते हुए योजना का सफल क्रियान्वयन करने व आ रही बाधाओं को दूर करते हुए योजना का क्रियान्वयन करते हुए विकास के कार्यों को गति प्रदान करने की बात कही. मौके पर डीएफओ प्रवेश अग्रवाल, डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक सरोजिनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, एसडीओ दिनेश कुमार व सुलेमान मुंडरी, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की व डीटीओ उमेश मंडल समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे.
