बेतला,लातेहार: बरवाडीह प्रखंड के कुटमू उत्क्रमित मध्य विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है. विद्यालय में 189 विद्यार्थी नामांकित हैं, लेकिन भवन की बदहाल स्थिति के कारण बच्चे और शिक्षक भय के माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर हैं.
विद्यालय भवन में वर्तमान में मात्र चार कमरे हैं और सभी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. हाल ही में भवन की छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया था. घटना के दौरान वहां मौजूद विद्यार्थी बाल-बाल बच गये. विद्यालय के किचेन शेड की स्थिति भी खराब है, जिससे मध्याह्न भोजन तैयार करने में रसोइयों को परेशानी होती है. वहीं, विद्यार्थियों के लिए पेयजल की भी उचित व्यवस्था नहीं है. पानी के लिए बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नरेंद्र कुमार ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी विभागीय अधिकारियों को लिखित रूप से दी जा चुकी है.
जिप सदस्य ने लिया जायजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने विद्यालय का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जर्जर कमरों और क्षतिग्रस्त छत का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली.
जिप सदस्य ने आश्वासन दिया कि विद्यालय की समस्या को जिला स्तर और वरीय अधिकारियों के समक्ष उठाया जायेगा, ताकि जल्द से जल्द नये भवन का निर्माण या आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया जा सके.
