वन प्रमंडल पदाधिकारी डीएसइ, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत कई पदाधिकारी थे अनुपस्थित
लातेहार : उच्च न्यायालय में सरकार के विरुद्ध दायर मामले को लेकर उपायुक्त राजीव कुमार की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई. बैठक में उपायुक्त श्री कुमार ने बारी-बारी से विभागवार दायर मामले को विभागीय पदाधिकारियों को निष्पादित करने का निर्देश दिया. समीक्षा के क्रम में उपायुक्त श्री कुमार ने बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण करते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया. उपायुक्त श्री कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय के मामले को ससमय निष्पादित करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें.
पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, भू अर्जन, आपूर्ति, पेयजल स्वच्छता विभाग, सामाजिक सुरक्षा समेत अन्य विभाग के लंबित मामले पर चर्चा कर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये. इस दौरान शिक्षा विभाग में सबसे अधिक मामले लंबित थे, जिस पर नाराजगी व्यक्त की एवं मामले के निष्पादन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की.
कई पदाधिकारी का वेतन कटा: उपायुक्त राजीव कुमार ने उच्च न्यायालय में सरकार के खिलाफ दायर मामले को लेकर आयोजित बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछते हुए एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया. उपायुक्त राजीव कुमार ने वन प्रमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विशेष प्रमंडल, वन बफर क्षेत्र पदाधिकारी, अनुमंडलीय वन पदाधिकारी, वन क्षेत्र पदाधिकारी महुआडांड़, सामान्य शाखा प्रभारी व भूमि सुधार उप समाहर्ता का वेतन काटा है.
