कोडरमा. ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में इंडिया नाउ एंड नेक्स्ट विकसित भारत 2047 विषय पर पॉडकास्ट कार्यक्रम हुआ. कार्यक्रम का शुभारंभ विभावि हजारीबाग के कुलपति डॉ चंद्रभूषण शर्मा, अध्यक्ष मनीष कपसिमे, सचिव अविनाश कुमार सेठ, मुख्य परिचालन अधिकारी तनिष्क सेठ, प्राचार्य डॉ मोहित कुमार तिवारी समेत अन्य अतिथियों ने किया. इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत गाया.
मुख्य अतिथि कुलपति डॉ चंद्रभूषण शर्मा को मुख्य परिचालन अधिकारी तनिष्क सेठ द्वारा पौधा, अध्यक्ष मनीष कपसिमे द्वारा अंगवस्त्र और सचिव अविनाश कुमार सेठ द्वारा स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया. सहायक प्राध्यापक अम्बरीज सरकार व मानसी चक्रवर्ती द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक स्वागत नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. प्राचार्य डॉ मोहित कुमार तिवारी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर सभी का अभिवादन किया.
पॉडकास्ट संवाद में प्रशिक्षु समीना परवीन एवं आयुष कुमार ने कुलपति डॉ चंद्रभूषण शर्मा से शिक्षा, समाज, प्रशासन, विधि-व्यवस्था, युवा वर्ग की वर्तमान स्थिति तथा विकसित भारत 2047 के निर्माण से जुड़े प्रश्न पूछे. कुलपति ने प्रशिक्षुओं के प्रश्नों का सरल, तथ्यपरक और समसामयिक संदर्भों से संबद्ध उत्तर दिया. उन्होंने युवा पीढ़ी की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भारत की युवा पीढ़ी विकसित भारत 2047 की आधारशिला है.
उन्होंने युवाओं को सशक्त, स्वावलंबी और उत्तरदायी नागरिक बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित मार्गदर्शन, कौशल विकास एवं सकारात्मक सामाजिक वातावरण की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर समावेशी और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ना जरूरी है.
पॉडकास्ट के बाद प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया. प्राचार्य डॉ भूपेंद्र ठाकुर, प्राचार्य डॉ दीपक कुमार, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के सहायक प्राध्यापक, शिक्षक व प्रशिक्षु, महाविद्यालय के बीएड सत्र 2025-27 के सभी प्रशिक्षु, शैक्षणिक समन्वयक सौरभ शर्मा, आइक्यूए सी समन्वयक मनीष कुमार सिन्हा, डीएलएड समन्वयक खुशबू कुमारी सिन्हा, सहायक प्राध्यापक डॉ रामकृष्ण प्रसाद, डॉ इंद्र कुमार जायसवाल, अनिल दास आदि उपस्थित थे. संचालन सहायक प्राध्यापक संजीत कुमार और धन्यवाद ज्ञापन डीएलएड विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने किया.
