कोडरमा. विश्व बाल श्रम उन्मूलन दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय झारखंड सेवा संस्थान द्वारा संचालित बीएससीपीएस एवं सामुदायिक सशक्तिकरण परियोजना-3 के तहत मरकच्चो और सतगावां प्रखंड के 18 गांवों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी और जागरूकता रैली से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने भाग लिया. रैली के दौरान बच्चों ने बाल मजदूरी बंद करो, शिक्षा का प्रबंध करो तथा आधी रोटी खायेंगे, फिर भी स्कूल जायेंगे जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. बच्चों की रैली आकर्षण का केंद्र रही और ग्रामीणों ने बाल श्रम उन्मूलन के संदेश का स्वागत किया. रैली के बाद आयोजित सभा में लोगों ने शपथ ली कि वे किसी भी बच्चे से मजदूरी नहीं करायेंगे और न ही बाल श्रम को बढ़ावा देंगे. इस दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बाल अधिकार, शिक्षा और बाल श्रम के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गयी. कार्यक्रम का संचालन वरीय कार्यक्रम पदाधिकारी निर्भय कुल और सुमंत कुमार ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में निशा, ईशा, सरिता, राजेंद्र राम, पुतुल, बेबी, सुरेश कुमार राय, शक्ति कुमार, जोसफिन एक्का, फुलवर्ती और सलूजा कुमारी सहित संस्थान के कार्यकर्ताओं, बाल मंच के बच्चों और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
विश्व बाल श्रम उन्मूलन दिवस पर दिया शिक्षा का संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी और जागरूकता रैली से हुई
