झुमरीतिलैया. शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के समापन पर गायत्री मंदिर में जिला स्तरीय पुरस्कार सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इसमेंं जिले के 114 विद्यालयों के 9348 विद्यार्थियों ने भाग लिया. मुख्य अतिथि झुमरीतिलैया के नवनिर्वाचित नगर पर्षद अध्यक्ष रमेश हर्षधर, विशिष्ट अतिथि कोडरमा नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष साजिद हुसैन लल्लू तथा सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रामप्रवेश पांडेय थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता गायत्री परिवार के आदित्य कुमार ने की. प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आये 45 विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार, मोमेंटो व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. मौके पर नगर पर्षद अध्यक्ष रमेश हर्षधर ने कहा कि आज हमारा समाज मुख्य रूप से मोबाइल पर आश्रित हो चुका है. मोबाइल एक अच्छी चीज के साथ बच्चों के लिए खराब मध्यम भी बनता जा रहा है. वहीं नगर पंचायत कोडरमा के अध्यक्ष साजिद हुसैन लल्लू ने कहा कि बच्चों का सबसे सुरक्षित स्थान उसकी मां की गोद होता है. हमारे पूर्वजों ने भारतीय संस्कृति को कुछ ऐसे चीजें प्रदान किया है, जिसके कारण हम अपनी संस्कृति को कभी नहीं भूल सकते. विशिष्ट अतिथि रामप्रवेश पांडेय ने कहा कि बच्चे भविष्य के ही नहीं बल्कि वर्तमान के भी निर्माता है. इस दौरान चंदवारा प्रखंड के 30, कोडरमा से 25, जयनगर से 47, मरकच्चो से 37, सतगावां से पांच व डोमचांच से 35 विद्यार्थी सम्मानित किये गये. राजेंद्र साव ने अतिथियों को सम्मानित किया. मौके पर गायत्री परिवार के अलावा विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी भी मौजूद थे.
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के विजयी प्रतिभागी पुरस्कृत
जिला स्तरीय पुरस्कार सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया.
