: वार्ड पार्षद ने उठाये सवाल झुमरीतिलैया. नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 की पार्षद पिंकी जैन ने राजगढ़िया रोड स्थित मेडिकल लाइन चौराहा पर अवैध रूप से संचालित टेंपो एवं टोटो स्टैंड को लेकर नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाये हैं. उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पिंकी जैन ने बताया कि सोमवार को इसी स्थान पर एजेंटों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया. उन्होंने कहा कि टेंपो और टोटो दुकानों के सामने खड़े कर दिये जाते हैं, जिससे अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है. मेडिकल लाइन क्षेत्र होने के कारण यहां मरीजों, महिलाओं और बुजुर्गों की लगातार आवाजाही रहती है, लेकिन अव्यवस्थित पार्किंग से लोगों को कठिनाई होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत और आवेदन देने के बाद भी नगर परिषद ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. उन्होंने अवैध स्टैंड को तत्काल हटाकर उचित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा मेडिकल लाइन चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की मांग की है.
अवैध रूप से संचालित टेंपो-टोटो स्टैंड से परेशानी
वार्ड पार्षद ने उठाये सवाल
