सतगावां से सुधीर सिंह की रिपोर्ट
Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में कथित धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक मामला सामने आया है. शुक्रवार को चांदडीह पंचायत के लक्ष्मणडीह गांव में आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान कई महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया, जबकि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया. पूछताछ के बाद महिलाओं को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणडीह निवासी महेंद्र राजवंशी के घर में शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी में एक विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी. स्थानीय ग्रामीणों को जब इस कार्यक्रम की जानकारी मिली तो उन्हें धर्म परिवर्तन कराए जाने का संदेह हुआ. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह और अंचलाधिकारी केशव प्रसाद चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस टीम को देखते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
कई महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद कई महिलाओं को हिरासत में लेकर सतगावां थाना पहुंचाया. पुलिस ने सभी से अलग-अलग पूछताछ शुरू की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि प्रार्थना सभा का उद्देश्य क्या था और क्या वास्तव में धर्म परिवर्तन कराने की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
तलाशी में मिली बाइबिल
पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान मौजूद महिलाओं के पास से ईसाई धर्म से संबंधित बाइबिल बरामद होने की बात सामने आई है. इसके बाद पुलिस ने सभी महिलाओं से पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान धर्म परिवर्तन टीम से जुड़ी बताई जा रही एक महिला ने स्वीकार किया कि वह पिछले दो वर्षों से अधिक समय से इस संगठन से जुड़ी हुई है. महिला के अनुसार, जहां भी उन्हें बुलाया जाता है, वहां वे प्रार्थना सभा में शामिल होने जाती हैं और नियमित रूप से प्रार्थना करती हैं.
बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सतगावां थाना क्षेत्र के गांगडीह, वैधडीह, लक्ष्मणडीह, सिहास, बिझबरिया, रामशाला समेत कई गांवों में कुछ लोग लंबे समय से ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि विशेष रूप से दूरदराज और आर्थिक रूप से कमजोर इलाकों के लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर प्रभावित किया जाता है. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: लावालौंग में 72 बरसों से हिंदू परिवार मना रहा मोहर्रम, हर साल निकालता है जुलूस
मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान कथित तौर पर इस पूरे नेटवर्क का मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. यदि जांच में धर्म परिवर्तन से संबंधित किसी कानून के उल्लंघन या अन्य आपराधिक गतिविधि के साक्ष्य मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: रांची में 177 करोड़ में बनेगा पहला शानदार सिक्स लेन का स्मार्ट रोड, फुटपाथ के साथ बनेगा साइकिल ट्रैक
