सतगावां. प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये हैं. झारखंड स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारी स्वास्थ्य केंद्र परिसर में धरना दे रहे हैं. उनकी प्रमुख मांगों में छह माह का बकाया मानदेय भुगतान, सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार वेतन और इपीएफ कटौती में गड़बड़ी दूर करना शामिल है.
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अजय सिंह ने बताया कि कई दौर की वार्ता में भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन हड़ताल से पहले केवल एक माह का मानदेय भी पुरानी दर पर जारी किया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है. कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है. हड़ताल का असर अब स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है. इलाज और अन्य कार्यों के लिए आने वाले मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
