झुमरीतिलैया. सेक्रेड हार्ट स्कूल को विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए (11वीं राष्ट्र स्तरीय जापान ऑन कैनवास चित्रकला प्रतियोगिता 2025 में) स्टार स्कूल अवार्ड से सम्मानित किया गया है. यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता एक्सपीरियंस जापान द्वारा कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नयी दिल्ली में आयोजित हुई थी. सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त मेजर जनरल पीके सहगल, कोजी सातो, महानिदेशक जापान फाउंडेशन के अलावा सेक्रेड हार्ट के प्राचार्य प्रमोद शर्मा, नेकी की राह के अध्यक्ष डॉ गौरव शर्मा, एक्सपीरियंस जापान के अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, पीआरओ तन्वी व अन्य मौजूद थे. प्रतियोगिता में देश भर के करीब 206 विद्यालयों के छह हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सेक्रेड हार्ट स्कूल को विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और उत्कृष्ट कला प्रदर्शन के लिए स्टार स्कूल अवार्ड के लिए चयनित किया गया. विद्यालय की ओर से यह सम्मान प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मेजर जनरल पीके सहगल एवं विशिष्ट अतिथि कोजी सातो से जितेंद्र मेहता की उपस्थिति में प्राप्त किया. इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
