कोडरमा : उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने मीता पोर्टल पर जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश पदाधिकारियों को दिया है. मंगलवार को जनता शिकायत कोषांग के तहत मीता पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निष्पादन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित आमजनों की शिकायतों पर अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गयी.
हर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई का निर्देश
उपायुक्त ने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके.उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है.
शिकायतों को गंभीरता से लेने का निर्देश
पदाधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उनका निष्पादन सुनिश्चित करें. बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल सहित सभी बीडीओ, सीओ, प्रखंड परियोजना पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर भाई-बहनों की मौज, बंद रहेंगे बिहार और झारखंड के स्कूल
