होली में उड़े रे गुलाल..पर झूमे लोग
झुमरीतिलैया. सामंतो काली मंदिर परिसर में अमावस्या के अवसर पर सवा मनी भोग एवं होली मिलन समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ. मंदिर प्रांगण भक्तिमय गीतों, ढोलक की थाप और रंगों की मस्ती से सराबोर रहा. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिमा सिंह ने की. विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत मां को माल पुआ, पूरी और खीर का सवा मनी भोग अर्पित किया गया. होली मिलन समारोह में भक्ति और फाग गीतों की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया. जसबीर कालरा और सुनीता लाल ने होली में उड़े रे गुलाल प्रस्तुत कर वातावरण को रंगमय बना दिया. वहीं पुष्पा सिंह और मुन्नी बर्णवाल ने भाग रे भाजा रे नन्दलाला से श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. मनी देवी और पुनम बर्णवाल ने शुक्रिया शुक्रिया मां तेरा शुक्रिया भजन से भक्ति रस बहाया, वहीं सीमा मोदी और मीना पांडेय ने होली खेले रघुबीरा अवध में की प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया. आशा देवी, विभा और फूल कुमारी भारती ने भोला बाबा बड़ा रंगरसिया गाकर समां बांध दिया. अनीता बर्णवाल ने जोगी जी ढूंढ के ला दो की प्रस्तुति दी, जबकि पूनम सेठ, गीता सिंह और संजू ने भी होली गीतों से सभी को मंत्रमुग्ध किया. कार्यक्रम में केदार पांडेय की उपस्थिति विशेष रही. ढोलक की मधुर थाप पर मन्नू साव ने पूरे समारोह में ऊर्जा भर दी.
