खुले में मांस की बिक्री करने पर सात दुकानों को नोटिस

हाइकोर्ट से पारित आदेश के आलोक में दुकानों का औचक निरीक्षण

हाइकोर्ट से पारित आदेश के आलोक में दुकानों का औचक निरीक्षण

कोडरमा बाजार. झारखंड हाइकोर्ट द्वारा मीट कारोबार के लिए पारित आदेश के आलोक में मंगलवार को जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र और नीरू पहाड़ी के समीप स्थित मटन और चिकन दुकानों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दुकानदारों के पास नगर पंचायत से जारी होने वाले एनओसी और फूड लाइसेंस नहीं पाया गया. साथ ही खुले में मांस की बिक्री करते पाये जाने पर चिकन मटन की सात दुकानों को नोटिस जारी कर अविलंब फूड लाइसेंस व एनओसी लेने का निर्देश दिया. साथ ही खुले में मांस-मछली नहीं बेचने का निर्देश दिया गया. जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि बुधवार को सदर अस्पताल स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय में मटन-चिकन दुकानदारों की बैठक आयोजित की गयी है, जहां दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधीन के तहत अन्य नियमों की जानकारी दी जायेगी. मौके पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के अलावा जिला परामर्शी दीपेश कुमार व पुलिस टीम मौजूद थे.

मरकच्चो गोली कांड की बरसी को सफल बनाने का निर्णय

मरकच्चो. भाकपा माले जिला कमेटी की बैठक चोपनाडीह में जिला सचिव मोहम्मद इब्राहिम की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य रूप से कोडरमा जिला प्रभारी सीताराम सिंह मौजूद थे. इस दौरान मरकच्चो गोली कांड के 23वें शहादत दिवस पर 22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम पर चर्चा की गयी और इसे सफल बनाने का आह्वान किया गया. प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि 22 जनवरी 2003 को माले के कई लोग थाना का घेराव करने पहुंचे थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने गोली चला दी थी, जिसमें महेश सिंह, रतन वर्णवाल और अशोक यादव शहीद हो गये थे. इन्हीं शहीदों की याद में इस दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जायेगा. मौके पर सुरेंद्र सिंह, विनोद पांडेय, असगर अंसारी, सरजू यादव, चांद अख्तर, सहदेव यादव, अशोक यादव, भोला यादव, बबन मेहता, सलीम अंसारी, बहादुर यादव, शंभू नाथ वर्मा आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >