कोडरमा में NIA की छापेमारी, विस्फोटक मैगजीन हाउस और आवास पर जांच

झारखंड के कोडरमा जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक बड़ी दबिश दी है. नवलशाही थाना क्षेत्र में एक विस्फोटक मैगजीन हाउस और कारोबारी शंकर यादव के घर पर NIA ने छापा मारा है. सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति से जुड़ी है.

कोडरमा : झारखंड के कोडरमा जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने अचानक दबिश दी. एनआईए की टीम नवादा-फुलवरिया के समीप संचालित एक विस्फोटक मैगजीन हाउस में सुबह से ही जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. कार्रवाई के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मुस्तैद है.

कारोबारी शंकर यादव के आवास और मैगजीन हाउस पर एक साथ रेड

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस विस्फोटक मैगजीन हाउस में जांच चल रही है, वह लोकाई निवासी शंकर यादव का बताया जा रहा है. एनआईए की टीम ने सिर्फ मैगजीन हाउस ही नहीं, बल्कि लोकाई स्थित शंकर यादव के रिहायशी मकान पर भी तड़के ही छापा मारा और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर कागजात खंगालने शुरू कर दिए.

ये भी पढ़ें: झारखंड के पारा शिक्षकों की बल्ले-बल्ले, JSSC ने 7,299 सहायक आचार्य पदों पर निकाली बंपर भर्ती

क्या नक्सलियों तक पहुंचाई जा रही थी विस्फोटक सामग्री?

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई विस्फोटक सामग्री की अवैध आपूर्ति और हेरफेर से जुड़े मामले में की जा रही है. इलाके में चर्चा है कि इस जांच के तार प्रतिबंधित नक्सली संगठनों तक अवैध रूप से विस्फोटक पहुंचाने के आरोपों से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए या कोडरमा जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

जिले के अन्य मैगजीन हाउस भी NIA की रडार पर

सूत्रों का यह भी कहना है कि अवैध विस्फोटकों की कड़ियों को तलाश रही एनआईए की टीम के रडार पर जिले के कुछ अन्य विस्फोटक मैगजीन हाउस भी हैं. आने वाले घंटों में टीम जिले की अन्य संदिग्ध जगहों पर भी छापेमारी कर सकती है. फिलहाल मौके पर एनआईए की कार्रवाई जारी है. आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही इस पूरे मामले और इसमें शामिल कड़ियों की स्पष्ट तस्वीर साफ हो पाएगी.

ये भी पढ़ें: झारखंड में प्रोफेसरों की बहाली प्रक्रिया अचानक रुकी, JPSC नहीं, अब 'विश्वविद्यालय सेवा आयोग' करेगा 6,524 पदों पर भर्ती

2 लोग हिरासत में

रेड के बीच एनआईए ने दो लोगों को हिरासत लिया है. जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है उनमें शंकर यादव, महेश कुमार मेहता शामिल हैं. दोनों नावाड़ोह की रहने वाले हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Sameer Oraon

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >