चंदवारा: चंदवारा थाना के नए थाना प्रभारी के रूप में शुक्रवार को एसआइ प्रेम कुमार ने पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद उन्होंने थाना से संबंधित आवश्यक जानकारी ली और पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों से परिचय प्राप्त किया.
विधि व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता
थाना प्रभारी प्रेम कुमार ने कहा कि क्षेत्र में विधि व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. इसके लिए पुलिस टीम के साथ-साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सक्रियता से काम करेगी.
फरियादियों की समस्याओं का होगा समाधान
प्रेम कुमार ने कहा कि थाना पहुंचने वाले किसी भी फरियादी को निराश होकर नहीं लौटने दिया जाएगा. उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और नियमानुसार त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा.
शशिभूषण कुमार बने डोमचांच थाना प्रभारी
बता दें कि चंदवारा के निवर्तमान थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार का स्थानांतरण किया गया है. उन्हें डोमचांच थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. उनके स्थान पर एसआइ प्रेम कुमार ने चंदवारा थाना की कमान संभाली है.
