कोडरमा बाजार से गौतम राणा की रिपोर्ट
Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले में चर्चित नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में नेहा राज के पति शंभू राणा के फुफेरा चाचा और फुफेरी चाची को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि नेहा के पति शंभू राणा का अपनी ही फुफेरी चाची देवंती देवी के साथ अवैध संबंध था. इसी विवाद और बदले की भावना में इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम दिया गया.
दो आरोपियों की गिरफ्तारी, हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
शनिवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सलैया थाना क्षेत्र निवासी 36 वर्षीय रोहित राणा और उसकी पत्नी 30 वर्षीय देवंती देवी शामिल हैं. दोनों को पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया है. एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल वाहन, हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस अब सभी साक्ष्यों को कोर्ट में प्रस्तुत करने की तैयारी कर रही है.
14 मई को घर में हुई थी नेहा राज की हत्या
एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 14 मई को कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी भंडरवा स्थित घर में नेहा राज की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की जांच के लिए एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह और डीएसपी मुख्यालय रतिभान सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ा.
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि नेहा राज के पति शंभू राणा का अपनी फुफेरी चाची देवंती देवी के साथ अवैध संबंध था. इस संबंध को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था. पुलिस के अनुसार इसी विवाद ने धीरे-धीरे बदले की भावना का रूप ले लिया. एसपी ने बताया कि हत्या की पूरी साजिश इसी पृष्ठभूमि में रची गई थी. घटना के दिन नेहा राज घर में अकेली थी और उसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया.
पहले नेहा का गला दबाया, फिर चाकू से दिया रेत
एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पूछताछ के दौरान पकड़े गए रोहित राणा ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी देवंती राणा के साथ नेहा के पति शम्भू राणा का अवैध संबंध था. इसके कारण बदले की भावना में वह अपनी पत्नी के साथ शंभू के घर गया और नेहा का पहले दुपट्टा से गला दबाया. सांसें चल रही थी. इसे देखकर घर में पड़े चाकू से गला रेता दिया. इस दौरान उसकी पत्नी देवंती बाहर से निगरानी कर रही थी.
मुंबई में शंभू ने देवंती से बनाया अवैध संबंध
एसपी ने बताया कि कुछ महीने पहले शंभू और देवंती मुंबई गए थे. वहीं, इनके बीच अवैध संबंध बना. नेहा को इसकी जानकारी बाद में मिली. साथ ही देवंती के पति को जब यह बात पता चली, तो वह काफी क्रोध में आ गया. अपनी पत्नी के साथ हुए मामले को लेकर वह शंभू की पत्नी को टारगेट में ले लिया. देवंती इस हत्याकांड में इसलिए शामिल हुई, ताकि वह अपने पति का भरोसा फिर से जीत सके.
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से मिला सुराग
एसपी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा. एसआईटी टीम को जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में घटना के दिन आरोपी रोहित राणा और उसकी पत्नी को मृतका नेहा राज के घर की ओर जाते हुए देखा गया. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई़ कड़ाई से पूछताछ में उसने नेहा राज हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
शंभू राणा पर भी होगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शंभू राणा और देवंती देवी के अवैध संबंध को लेकर अलग से मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में भी शंभू राणा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एसपी ने बताया कि पूरे प्रकरण में दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं. एक मामला हत्या का है, जबकि दूसरा अवैध संबंध और उससे जुड़े विवाद से संबंधित है. पुलिस ने कहा कि मामले में सभी कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है.
तीन लोगों को भेजा जाएगा जेल
पुलिस के अनुसार इस पूरे मामले में कुल तीन लोगों को जेल भेजा जा रहा है. इसमें नेहा राज का पति शंभू राणा भी शामिल है. पुलिस का मानना है कि हत्या की साजिश और घटना के पीछे कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे भी जांच जारी रहेगी. घटना के खुलासे के बाद पूरे कोडरमा जिले में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है. पारिवारिक रिश्तों, अवैध संबंध और बदले की भावना से जुड़ा यह मामला इलाके में सनसनी का विषय बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें: नेहा राज हत्याकांड में खुलासे से पहले ससुराल वालों की कुटाई, मूकदर्शक बनी रही कोडरमा पुलिस
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों से खुला मामला
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले को सुलझाने में तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही. मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी. इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ और मानवीय साक्ष्यों ने भी जांच को सही दिशा दी. पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक तरीके से जांच कर इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा किया गया है.
इसे भी पढ़ें: अपहरण कर हत्या करने के आरोपी को आजीवन कारावास, राकेश चंद्रा की अदालत ने सुनाई सजा
