प्रतिनिधि,कोडरमा बाजार
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शुल्क समिति की बैठक हुई. बैठक में जिले के निजी विद्यालयों के प्राचार्य, प्रबंधक और अभिभावक संघ के प्रतिनिधि आदि शामिल हुए. बैठक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड सरकार अंतर्गत झारखंड शिक्षा न्यायाधिकरण अधिनियम 2017 के प्रावधानों के आलोक में निजी विद्यालयों में शुल्क निर्धारण, किताबों की उपलब्धता, फीस वृद्धि एवं नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गयी. बैठक के दौरान निजी विद्यालयों के प्रबंधकों और अभिभावक संघ के प्रतिनिधियों द्वारा कई सुझाव व शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखा. बैठक ने डीसी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निजी विद्यालय पूरी पारदर्शिता के साथ अधिनियम का अनुपालन करते हुए कार्य करें तथा शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए राज्य सरकार के निर्देशों का अनुपालन करें. डीसी ने कहा कि निर्देशों का अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. मौके पर डीसी के अलावा डीडीसी रवि जैन, डीईओ अविनाश कु राम, डीएसइ अजय कुमार आदि मौजूद थे.
