प्रतिनिधि, कोडरमा बाजार पुलिस ने जिले के चर्चित नेहा राज हत्याकांड का 36 घंटे में खुलासा कर दिया है़ इस मामले में नेहा राज के पति शंभु राणा के फुफेरा चाचा व चाची को गिरफ्तार किया गया है़ गिरफ्तार आरोपियों में रोहित राणा 36 वर्ष पिता स्व़ लक्ष्मण राणा व देवंती राणा 30 वर्ष पति रोहित राणा दोनों निवासी सलैया थाना कोडरमा शामिल हैं. पुलिस के अनुसार नेहा के पति शंभु राणा का अपनी ही फुफेरी चाची देवंती राणा के साथ अवैध संबंध था़ पूरी घटना बदले की भावना के तहत हुई है़ पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त मोटरसाइकिल नंबर जेएच-02एक्स-9994, चाकू, दो मोबाइल और घटना के समय पहने हुए कपड़े को भी बरामद किया है़ शनिवार शाम को प्रेस वार्ता में एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 14 मई को कोडरमा थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी भंडरवा में एक महिला नेहा राज की उसके घर में गला रेत कर जघन्य हत्या कर दी गई थी़ घटना को लेकर कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई़ एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह व डीएसपी मुख्यालय रतिभान सिंह के नेतृत्व में गठित एसआइटी ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कांड का उद्भेदन किया़ साथ ही रोहित राणा व देवंती राणा को गिरफ्तार किया़ एसपी श्री कुमार ने बताया कि पूछताछ के क्रम में पकड़े गये रोहित राणा ने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी देवंती राणा के साथ नेहा के पति शंभु राणा का अवैध संबंध था़ इसके कारण बदले की भावना में वह अपनी पत्नी के साथ शंभु के घर गया और नेहा का पहले दुपट्टा से गला दबाया, सांसें चल रही थी़ इसे देखकर घर में पड़े चाकू से गला रेता दिया़ इस दौरान मेरी पत्नी देवंती बाहर से निगरानी कर रही थी़
एसपी ने बताया कि उक्त दोनों आरोपियों के साथ-साथ देवंती राणा के बयान पर उसके साथ बलात्कार करने के आरोप में नेहा के पति शंभु राणा को भी गिरफ्तार किया गया है़ उसे भी जेल भेजा जा रहा है़ एसपी ने बताया कि कुछ माह पहले शंभु व देवंती मुंबई गए थे, वहीं इनके बीच अवैध संबंध बना था़ नेहा को इसकी जानकारी बाद में मिली़ साथ ही देवंती के पति को जब यह बात पता चली तो वह काफी क्रोध में आ गया और अपनी पत्नी के साथ हुए मामले को लेकर वह शंभु की पत्नी को टारगेट में कर लिया, जबकि देवंती इस हत्याकांड में इसलिए शामिल हुई, ताकि वह अपने पति का भरोसा फिर से जीत सके़ प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, डीएसपी रतिभान सिंह, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार, कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान आदि मौजूद थे़
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से मिला सुरागएसपी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा़ एसआइटी टीम को अनुसंधान के क्रम में एक सीसीटीवी फुटेज में घटना के दिन आरोपी रोहित राणा और उसकी पत्नी को मृतका नेहा राज के घर की ओर जाते हुए देखा गया़ इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. कड़ाई से पूछताछ के क्रम में उसने नेहा राज हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की़ एक सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि अभी तक मृतका का मोबाइल बरामद नहीं हुआ है़ इसे आरोपी द्वारा नदी में फेंक दिए जाने की बात कही जा रही है़ हालांकि, इसकी खोज जारी है़
दोपहर में ससुराल वालों की हुई पिटाईइधर, हत्याकांड का खुलासा करने से पहले कोडरमा थाना में इस मामले को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ़ यहां नेहा राज के मायके वालों ने कथित रूप से उसके ससुराल वालों की पिटाई कर दी़ इस दौरान पुलिस भी वहां मौजूद थी़ हालांकि, किसी तरह विवाद को शांत किया गया़ बाद में बरही विधायक मनोज यादव भी मामले की जानकारी लेने थाना पहुंचे़ बता दें कि मूल रूप से गुंडियो विजया के रहने वाले दशरथ यादव की पुत्री नेहा राज ने आठ साल पूर्व बिच्छी पहरी निवासी शंभु राणा के साथ अंतरजातीय विवाह किया था़ नेहा व उसका पति अपने दो बच्चों के साथ करीब डेढ़ वर्षों से मिटको कॉलोनी में रहकर काॅपी की फैक्ट्री चलाते थे़ इस मामले में शुरू से ही नेहा के मायके वाले ससुराल पक्ष पर ही हत्या करने का आरोप लगा रहे थे़ शनिवार को कोडरमा थाना पहुंची मृतका की मां ने हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग की़
