झुमरीतिलैया: स्थानीय मारवाड़ी युवा मंच तिलैया शाखा द्वारा जीवन दाता वंदन उत्सव का आयोजन किया गया. इस आयोजन के तहत मंच के सदस्यों ने घर-घर जाकर अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की. घर-घर गूंजा सेवा का संकल्प कार्यक्रम के दौरान मंच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एक-दूसरे के घर दस्तक दी. सदस्यों ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ अपने पूजनीय माता-पिता के चरणों को धोकर (चरण प्रक्षालन) उनका आशीर्वाद लिया.
मंच के अध्यक्ष मोहित संघई ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर उन माता-पिता को समय नहीं दे पाते, जिन्होंने हमें यह जीवन दिया है, हमें यह समझने की जरूरत है कि यदि हम अपने घर को ही तीरथ बना लें, तो बाहर जाने की कोई जरूरत ही नहीं है. अगर हर बच्चा घर में ही माता-पिता की निश्छल सेवा करने का संकल्प ले ले, तो समाज से वृद्धाश्रम का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा.
वहीं मंच के सचिव अतुल खेतान और कोषाध्यक्ष महावीर खेतान ने संयुक्त रूप से कहा इस घर-घर जाकर किए गए आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को माता-पिता के त्याग और अटूट समर्पण का अहसास कराना है. कार्यक्रम को सफल बनाने में तिलैया शाखा के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा.
मौके पर उपाध्यक्ष प्रतीक संघई, शिवेश पच्चीसिया, अरविंद चौधरी, चंद्रशेखर जोशी आदि मौजूद थे.
