सावन के अंतिम सोमवार पर कोडरमा-तिलैया में ट्रैफिक प्लान लागू, भारी वाहनों की नो-एंट्री; कांवरियों के लिए वन-वे रहेगा NH-20

सावन के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को कोडरमा और झुमरी तिलैया में भारी भीड़ की संभावना है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. इस प्लान के तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी और कावंरियों के लिए NH-20 पर वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी.

कोडरमा: सावन के अंतिम सोमवार 24 अगस्त को झरनाकुंड से जल उठाकर ध्वजाधारी धाम में जलाभिषेक करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कोडरमा और झुमरी तिलैया शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. इसके तहत 24 अगस्त को सुबह तीन बजे से शाम छह बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन भी किया गया है.

बिहार की ओर से आने वाले ट्रक, हाइवा और ट्रेलर को मेघातरी में ही रोक दिया जाएगा. वहीं पैसेंजर बस और छोटे वाहन बागीटांड़ से लोकाई, संत क्लेयर स्कूल होते हुए बजरंगबली चौक के रास्ते हजारीबाग की ओर जाएंगे. बजरंगबली चौक से हजारीबाग जाने वाले मार्ग पर सुबह तीन बजे से शाम छह बजे तक नो-एंट्री रहेगी.

गिरिडीह की ओर से आने वाले भारी वाहनों को नवलशाही थाना के आसपास पार्क कराया जाएगा. छोटे वाहन और पैसेंजर बस डोमचांच-बजरंगबली चौक, कोडरमा होते हुए हजारीबाग की ओर जाएंगे. तिलैया से ध्वजाधारी धाम जाने के दौरान बजरंगबली चौक के पास बड़े वाहनों, बसों और छोटी कारों के लिए भी नो-एंट्री रहेगी.

कांवरियों के लिए वन-वे व्यवस्था

झरनाकुंड से जल लेकर ध्वजाधारी धाम जाने वाले कांवरियों की सुरक्षा के लिए एनएच-20 पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी. झरनाकुंड मोड़ से करीब 500 मीटर पहले वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा. झरनाकुंड मोड़ से जेजे कॉलेज तक मार्ग कांवरियों के लिए वन-वे रहेगा.

बजरंगबली चौक से जेजे कॉलेज तक दोनों लेन का उपयोग श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए किया जाएगा. दोनों लेन के बीच स्लाइडिंग और रस्सी से डिवाइडर बनाया जाएगा.

रांची की ओर से आने वाले बड़े और भारी वाहनों को जवाहर घाटी, चंदवारा के पास पार्क कराया जाएगा. वहीं रांची की ओर से आने वाली बस और छोटी गाड़ियां महाराणा प्रताप चौक से दाहिने मुड़कर जयनगर जाने वाली सड़क का इस्तेमाल करेंगी. यह व्यवस्था भीड़ समाप्त होने तक लागू रहेगी.

गलियों में भी लगाए जाएंगे ड्रॉप गेट

बजरंगबली चौक और बागीटांड़ के बीच एनएच-20 के दोनों ओर खुलने वाली छोटी गलियों में ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे, ताकि यातायात को नियंत्रित किया जा सके. जिला प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्ग और यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शुभम राय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >