कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया झुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलैया बस्ती वार्ड नंबर 2 में एक 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना सूर्य मंदिर के पीछे स्थित एक घर में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. युवती के पिता मूल रूप से चतरा जिले की रहने हैं और तिलैया में रहकर मजदूरी का काम करते हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पिता मजदूरी कर परिवार चला रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, युवती का परिवार के साथ तिलैया बस्ती में रहता है. इस घर में युवती के साथ माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई रहते हैं, जबकि उसका बड़ा भाई मुंबई में काम करता है. बताया जाता है कि परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और सभी लोग मेहनत मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे थे. इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
देर रात तक मोबाइल पर होती रही बातचीत
परिजनों के अनुसार, युवती का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. घटना की रात वह करीब तीन बजे तक मोबाइल फोन पर उसी युवक से बात कर रही थी. बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद युवती ने गुस्से या तनाव में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा
युवती के पिता ने बताया कि सोमवार को उसकी सगाई होने वाली थी. रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे. सुबह करीब 5 बजे जब उसे उठाने के लिए दरवाजा खटखटाया गया, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद खिड़की से झांककर देखा गया, तो वह कमरे के अंदर फंदे से लटकी हुई थी. परिजन तुरंत घर का रोशनदान तोड़कर कमरे में दाखिल हुए और उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
मोबाइल से मिली अहम जानकारी
घटना के बाद युवती के मोबाइल की जांच में कुछ अहम जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि संबंधित युवक युवती को फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था. हालांकि, इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
इसे भी पढ़ें: दुमका के टीन बाजार में पूजा सामग्री की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
पुलिस कर रही मामले की जांच
पिता ने बताया कि उन्हें उस युवक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि मोबाइल से ही यह पता चल सकेगा कि वह कौन था. फिलहाल, पुलिस युवक की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: हरियाणा हादसा: मृतकों के परिजनों को मिलेगा 40-40 लाख का मुआवजा और नौकरी, आज जमशेदपुर पहुंचेंगे शव
