Koderma News: झारखंड राज्य चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी महासंघ की कोडरमा जिला स्तरीय बैठक सोमवार को सदर प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, झुमरी तिलैया में आयोजित हुई. जिला अध्यक्ष विपुल कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्वास्थ्य कर्मियों ने पिछले 4 से 6 महीने से लंबित वेतन भुगतान, बायोमीट्रिक से जुड़ी समस्याओं और संगठन को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की. प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र तिवारी ने कर्मचारियों को जल्द समाधान का भरोसा दिलाया.
लंबित वेतन भुगतान बना बैठक का सबसे बड़ा मुद्दा
बैठक में स्वास्थ्य कर्मियों ने सबसे पहले कई महीनों से लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा उठाया. कर्मचारियों ने बताया कि 4 से 6 महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सभी कर्मियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र तिवारी ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि इस मुद्दे के समाधान के लिए जल्द आवश्यक पहल की जाएगी.
बायोमीट्रिक व्यवस्था की परेशानियां भी उठीं
बैठक में कर्मचारियों ने बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने में आने वाली तकनीकी दिक्कतों का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा. इस पर संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित स्तर पर इसका समाधान कराने का भरोसा दिया.
प्रखंड और जिला स्तर पर समस्याओं के निपटारे पर जोर
प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र तिवारी ने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान प्रखंड स्तर पर संभव है, उनका निपटारा प्रखंड अध्यक्ष, प्रखंड मंत्री और प्रखंड समिति को करना चाहिए. वहीं जिला स्तर के मामलों का समाधान जिला समिति के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सकेगा और संगठन भी अधिक प्रभावी तरीके से काम कर पाएगा.
सदस्यता शुल्क पर भी हुई चर्चा
बैठक में संगठन के कोष को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई. पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों से वार्षिक 300 रुपये सदस्यता शुल्क जमा करने की अपील की. उनका कहना था कि संगठनात्मक गतिविधियों और कर्मचारियों के हित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मजबूत कोष आवश्यक है.
9 सितंबर को सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचेंगे कर्मचारी
कोडरमा में जून से वेतन भुगतान रुके रहने पर स्वास्थ्य कर्मियों का गुस्सा बढ़ गया है. इसी मुद्दे पर जिला स्तरीय चिकित्सा संघ की बैठक में सर्वसम्मति से काम ठप करने की रणनीति बनाई गई. कर्मचारियों ने कहा कि उपायुक्त कोडरमा को पत्र देने और सिविल सर्जन व जिला कार्यक्रम प्रबंधक की पहल के बावजूद समाधान नहीं निकला. 9 सितंबर को सभी कर्मचारी सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचकर वेतन भुगतान की मांग करेंगे. इसके बाद नीति बनाकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जाएगा. बैठक में डॉ. राकेश कुमार सिंह (आरबीएसके) को जिला उपाध्यक्ष चुना गया.
इसे भी पढ़ें: सीजीएल परीक्षा से नियुक्त अधिकारियों को राहत, सरकार की अधिसूचना पर हाइकोर्ट ने लगायी रोक
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में झारखंड राज्य जनचिकित्सा संघ के प्रदेश महामंत्री शैलेन्द्र तिवारी, राज्य संयोजक इंद्रदेव यादव, जिला अध्यक्ष विपुल कुमार, जिला मंत्री अरविंद कुमार, जिला कोषाध्यक्ष गौरव कुमार, कोडरमा प्रखंड अध्यक्ष मो. मोनाजिर अहसान, प्रखंड मंत्री श्याम कुमार, प्रखंड कोषाध्यक्ष सुनील कुमार साव, पूनम कुमारी, रंजीता तर्वे, शोभा कुमारी, किरण सिन्हा, ताराबूटी, राजेश प्रसाद यादव, सुभाष बैरवा, राम हरी जाटव, रोहतास कुमार, डॉ राकेश कुमार सिंह, विवेकानंद शर्मा, शंकर कुमार, अंजलि कुमारी, साधना कर्मकार, रंजय सिंह, कृष्णा पासवान, प्रदीप कुमार, प्रकाश कुमार, धीरज तिवारी, जितेंद्र मिश्रा, विनीत अग्निहोत्री, राजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे. बैठक के दौरान कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर आगे की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया.
इसे भी पढ़ें: जगन्नाथपुर मंदिर विवाद में हाईकोर्ट ने पूछा, कितनी जमीन और कितना अतिक्रमण? 16 सितंबर को अगली सुनवाई
