कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Koderma Elephant Attack: झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का कहर देखने को मिला है. कोडरमा मरकच्चो थाना क्षेत्र में 29 मार्च रविवार की सुबह, जामू पंचायत के ग्राम हरलाडीह में महुआ चुनने गई 55 वर्षीय सीता देवी (पति स्व. रामचंद्र साव) को जंगली हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला है. घटना के बाद लोगों में वन विभाग के प्रति आक्रोश जताया है. मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 6 बजे सीता देवी एक अन्य महिला के साथ महुआ चुनने जंगल की ओर गयी थी. इसी दौरान झुण्ड से बिछड़े हाथी ने उन पर हमला कर दिया. हाथी से जान बचाकर दूसरी महिला किसी तरह भाग गई थी. उसी महिला ने घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी. जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि सीता देवी की मौत हो गयी है.
वन विभाग ने तुरंत किया राहत वितरण
घटना की सूचना मिलते ही रेंजर रविंद्र कुमार और अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे. रेंजर ने मृतक परिवार को तुरंत 25 हजार रुपये की सहायता दी. इसके अलावा, प्रावधान के तहत कुल 3 लाख 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है. इस मौके पर झामुमो की नेत्री शालिनी गुप्ता भी पहुंचीं और वन विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए हाथियों को भगाने के लिए उचित प्रबंध की मांग रखी है.
चार दिनों में तीन मौतें हो चुकी
झारखंड के कोडरमा जिले में पिछले चार दिनों में हाथियों द्वारा हुई ये तीसरी मौत है. इससे पहले कोडरमा जिला मुख्यालय के नजदीक मरियमपुर में एक महिला और बोना काली में एक मजदूर की मौत हुई थी. इन घटनाओं के बाद से वन विभाग हाथियों को भगाने में लगा हुआ है.
इसे भी पढ़ें: जीप ने मारी छोटे राजा की गाड़ी को मारी टक्कर, बाल-बाल बचे विधायक के बॉडीगार्ड
इसे भी पढ़ें: सात महीने से पाई-पाई को तरस रहे हजारीबाग के 447 सहायक आचार्य, नियुक्ति के बाद से नहीं मिल रहा वेतन
