कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Koderma Crime News, कोडरमा: कोडरमा पुलिस ने चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार व्यवसायी से हुई हाईप्रोफाइल लूटकांड का सफल खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में अंतरराज्यीय लूट गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. इस गिरोह की सबसे खास बात यह है कि इसमें पति-पत्नी और भतीजा मिलकर पूरे देश में लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. पुलिस ने इनके पास से लूटे गए शत-प्रतिशत आभूषण, घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और गाड़ियों की डिक्की खोलने वाली लोहे की विशेष 'मास्टर-की' (Master Key) बरामद कर ली है.
चाची करती थी रेकी, पति और भतीजा पल्सर से मारते थे झपट्टा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू दास (35 वर्ष), उसकी पत्नी टिंक्कल दास (32 वर्ष) (दोनों निवासी भद्रक, उड़ीसा) और राजू के भतीजे धनराज प्रधान (21 वर्ष, निवासी जाजपुर, उड़ीसा) के रूप में हुई है. सोमवार को मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए कोडरमा पुलिस अधीक्षक (SP) कुमार शिवाशीष ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था. गिरोह की महिला सदस्य टिंक्कल दास सामान बेचने के बहाने पहले इलाकों में घूमकर टारगेट की रेकी करती थी. 6 जुलाई को वह ट्रेन से कोडरमा आई थी. चंदवारा निवासी व्यवसायी अशोक सोनी को टारगेट तय करने के बाद उसने अपने पति राजू और भतीजे धनराज को उड़ीसा से बुलाया. दोनों पल्सर बाइक से कोडरमा पहुंचे और उरवां पेट्रोल पंप के पास अशोक सोनी की मोटरसाइकिल की डिक्की से आभूषणों से भरा बैग उड़ाकर फरार हो गए थे.
ये भी पढ़ें: गोड्डा-पथरगामा NH पर आफत बना ट्रैक्टर का एक्सल, पलटने से दो घरों के चिराग बुझे, 1 घायल
कोडरमा पुलिस ने ओडिशा में दी दबिश
लूट की इस वारदात के बाद चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर अपराधियों को ट्रेस किया. पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी उड़ीसा के जाजपुर जिले में छिपे हुए हैं. कोडरमा पुलिस की टीम ने तुरंत उड़ीसा के कोराई थाना क्षेत्र (जाजपुर) में छापेमारी कर राजू और धनराज को दबोच लिया. वहीं, उनकी निशानदेही पर पुलिस ने भागने की फिराक में कोडरमा रेलवे जंक्शन पर खड़ी महिला आरोपी टिंक्कल दास को भी गिरफ्तार कर लिया. एसपी ने बताया कि इस शातिर गिरोह को पकड़ने के लिए दिल्ली और मुंबई जैसी बड़े शहरों की पुलिस भी उड़ीसा में छापेमारी कर चुकी है, लेकिन मजबूत तकनीकी साक्ष्यों के दम पर कोडरमा पुलिस इन्हें दबोचने में कामयाब रही.
बड़ी मात्रा में चांदी और सोने के जेवर समेत 'मास्टर-की' बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से 16 जोड़ी पायल, 7 चेन, 11 बिछिया, 13 अंगूठियां, 4 बच्चों के कंगन, 3 चूड़ीनुमा कंगन, 28 विभिन्न प्रकार के ताबीज, 11 लॉकेट, 22 नाक के आभूषण, 4 नथिया और चांदी जैसे दिखने वाले अन्य आभूषण बरामद किया है. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, डिक्की खोलने वाला टी-आकार का लोहे का मास्टर-की, 2 मोबाइल फोन, ज्वेलरी मापक यंत्र और आभूषणों का बैग भी हाथ लगा है.
ये भी पढ़ें: कुदरत का कहर या प्रशासनिक लापरवाही? चंदे से बनी पुलिया बही, टापू में तब्दील हुए गिरिडीह के कई गांव
