डोमचांच की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, 8 महीने का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय वायु सेना में देगी सेवा

भारतीय वायु सेना में सफल प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ज्योति खटीक का उनके स्कूल में जोरदार स्वागत किया गया। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

डोमचांच: भारतीय वायु सेना में चयनित ज्योति खटीक के द्वारा आठ महीने का कठिन व अनुशासित प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर अपने घर पहुंचने पर लोगों ने स्वागत किया. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब वह भारतीय वायु सेना में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए तैयार हैं. ज्योति खटीक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा संत पॉल पब्लिक स्कूल डोमचांच,इंटर की पढ़ाई इंटर कॉलेज डोमचांच, स्नातक संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग से प्राप्त की.

आठ महीने के प्रशिक्षण के दौरान उन्हें शारीरिक दक्षता, सैन्य अनुशासन, मानसिक मजबूती, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा परिस्थितियों के अनुरूप जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का प्रशिक्षण दिया गया. कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करना उनके आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है.इस उपलब्धि पर उनके माता सविता देवी और पिता कृष्णा खटीक एवं परिवार के सदस्यों में भी खुशी का माहौल है.

परिजनों ने कहा कि बेटी की इस सफलता ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है. ज्योति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता,विद्यालय के शिक्षकों, प्रशिक्षकों तथा शुभचिंतकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया. वहीं संत पॉल पब्लिक स्कूल में ज्योति खटीक का स्वागत किया गया. प्राचार्य राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि हमारे लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि विद्यालय की पूर्व छात्रा ने भारतीय वायु सेना में प्रशिक्षण पूरा कर राष्ट्रसेवा की दिशा में कदम बढ़ाया है.

उसकी सफलता विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है. भारतीय वायु सेना में प्रशिक्षण पूरा करने वाली ज्योति खटीक की सफलता से क्षेत्र के युवाओं और विशेषकर छात्राओं में भी उत्साह है. उसकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ युवा अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं.विद्यालय परिवार ने उसके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के नए सफर के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा सफल एवं गौरवपूर्ण सेवा-जीवन की कामना की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >