जलेबी में मिला अखाद्य रंग, पदाधिकारी ने कराया नष्ट

जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बुधवार को नेरो पहाड़ डोमचांच के पास स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच की.

कोडरमा. जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बुधवार को नेरो पहाड़ डोमचांच के पास स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच की. इस दौरान होटल एचएमटी एम्पायर में फूड लाइसेंस प्रदर्शित नहीं मिला, जबकि एक मिठाई दुकान में जलेबी में प्रतिबंधित अखाद्य रंग का उपयोग पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया. पदाधिकारी ने संचालक को भविष्य में अखाद्य रंग का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी. वहीं ठेला पर बिक्री किये जा रहे चाउमिन में प्रयुक्त सॉस व अन्य मसालों की भी जांच की गयी. साथ ही ढाबा व किराना दुकानों में बेची जा रही खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की गयी. जांच के क्रम में किसी भी ढाबा, ठेला व किराना दुकान के पास वैध फूड लाइसेंस नहीं पाया गया. ऐसे में संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए शीघ्र फूड लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया. फूड लाइसेंस को लेकर आवेदन करने के लिए सदर अस्पताल स्थित खाद्य सुरक्षा कार्यालय से संपर्क करने को कहा गया. पदाधिकारी ने सभी होटल, रेस्टोरेंट व मिष्ठान भंडार संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के सार्वजनिक स्थान पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का क्यूआर कोड प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि उपभोक्ता उसे स्कैन कर शिकायत दर्ज कर सकें. निरीक्षण के दौरान डोमचांच थाना के अवर निरीक्षक सुबोध कुमार पाठक, जिला परामर्शी दीपेश कुमार, सुनील कुमार, कपिल देव प्रसाद आदि शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH NATH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >