वर दे वीणा वादिनी वर दे..

सरस्वती पूजा. विद्या की देवी की आराधना में डूबा जिला

सरस्वती पूजा. विद्या की देवी की आराधना में डूबा जिला झुमरीतिलैया. जिलेभर में शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ की गयी. विभिन्न विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक पूजा पंडालों में मां शारदे की प्रतिमा स्थापित कर विधि विधान से पूजा-अर्चना की गयी. सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा पंडालों में उमड़ पड़ी और पूरा जिला भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया. गली-मोहल्लों से लेकर चौक-चौराहों तक जगह-जगह मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गयी है. पीले वस्त्रों में सजे भक्त हाथों में प्रसाद और पुष्प लिये मां शारदे की आराधना करते दिखे. विद्यार्थियों ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और सफलता का आशीर्वाद मांगा. मौके पर कई विद्यालयों में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया. तालाब के बीच विराजी मां सरस्वती, बना आकर्षण का केंद्र शहर के विद्यापुरी स्थित धनी सिंह तालाब के बीच स्थापित मां सरस्वती की भव्य प्रतिमा लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. श्री चमत्कारी बाबा नवयुवक संघ द्वारा लगभग 26 वर्षों से लगातार इस पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इस बार आयोजन को और भी भव्य रूप दिया गया है. तालाब के बीच लगभग 80 फीट लंबा और 4 फीट चौड़ा मंच तैयार किया गया है, जिस पर 7.5 फीट ऊंची मां सरस्वती की आकर्षक और भव्य प्रतिमा स्थापित की गयी है. पूरे तालाब और आसपास के क्षेत्र में की गयी रंग-बिरंगी लाइटिंग श्रद्धालुओं का मन मोह रही है. शाम ढलते ही लाइटों की चमक तालाब के पानी में प्रतिबिंबित होकर दृश्य को और भी अलौकिक बना देती है. यहां आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बोटिंग की विशेष व्यवस्था की गयी है. भक्त नाव के माध्यम से तालाब के बीच पहुंचकर मां सरस्वती के दर्शन कर रहे हैं. तालाब के चारों ओर की गयी आकर्षक सजावट और शांत वातावरण में नाव से दर्शन करने का अनुभव श्रद्धालुओं के लिए यादगार बन रहा है. बच्चों और युवाओं में इस व्यवस्था को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला .पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है. विद्यापुरी के अलावा गांधी स्कूल रोड में फ्रेंडशिप क्लब द्वारा पूजा पंडाल बना कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चन की गयी. यहां भी भव्य रूप से पूजा हो रही है, जबकि शहर के विभिन्न इलाकों में भी आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गयी है. फुलवरिया में बना है आकर्षक पंडाल डोमचांच : प्रखंड व आसपास के इलाकों में सरस्वती पूजा उल्लास के साथ मनाया गया. पूजा को लेकर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी फुलवरिया में आकर्षक पंडाल बनाये गये हैं. श्री श्री अन्नपूर्णा भारती बाल क्लब फुलवरिया द्वारा शिवलिंग के रूप में 40 फीट का ऊंचा पंडाल बनाया गया, जिसमें मां सरस्वती की प्रतिमा को स्थापित किया गया है. इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. वहीं नवीन जागृति बाल क्लब शिवनगर फुलवरिया द्वारा भी आकर्षक साज सज्जा कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >