झुमरीतिलैया: सेक्रेड हार्ट स्कूल में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय तिलैया शाखा की बहन रुचिका, जूली मिश्रा और प्रिंस कुमार थे. बहन रुचिका और जूली मिश्रा ने बच्चों को नशा से दूर रहने और जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ाने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि भारत को नशा मुक्त बनाने के इस अभियान में आपका सहयोग अपेक्षित है. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय में प्राचार्य प्रमोद शर्मा, उप प्राचार्य प्रवीण कुमार और प्रियंका मित्रा द्वारा मुख्य अतिथि एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने समय और ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों एवं राष्ट्र निर्माण में करनें की बात कही.
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशामुक्त रहने तथा अपने मित्रों और समाज में भी नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का आह्वान किया. प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और मजबूत संस्कार ही सफल जीवन की नींव हैं. संचालन मनोज कुमार पांडेय व धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्य प्रवीण कुमार ने किया. मौके पर कोऑर्डिनेटर अमृत शंकर झा, सुनील पाठक, शुभम झा, अभिलाष सिंह, नीतिका सिंह, फैयाज कैसर, विक्रम दांगी, भोला कुमार, प्रियंका मित्र विश्वास सहित कई शिक्षक मौजूद थे.
