डोमचांच से रंजीत बनर्जी की रिपोर्ट
Koderma News: झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के घरबरियावर में एक 7 साल के बच्चे की हत्या कर उसका शव कुएं में फेंक देने का मामला सामने आया है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. मृतक की पहचान 7 वर्षीय आर्यन कुमार पिता पवन यादव के रूप में हुई है.
रात में सोते समय हुआ अपहरण
मिली जानकारी के अनुसार, आर्यन मंगलवार की रात अपनी मां और बहन के साथ घर पर सोया था. इसी दौरान एक नकाबपोश व्यक्ति आया और आर्यन को उठा ले गया. इसके बाद आर्यन का कुछ पता नहीं चल रहा था. परिजन उसकी खोजबीन करने लगे. सुबह में उसके लापता होने से संबंधित आवेदन पुलिस को देने की तैयारी की जा रही थी. इसी बीच घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं में उसका शव पड़े होने की जानकारी मिली. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की. इसके बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया.
पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरुआत में बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजने की कोशिश की, पर लोगों ने आरोपियों की पहचान कर तुरंत गिरफ्तारी करने की मांग शुरू कर दी. लोगों ने पुलिस गाड़ी से बच्चे के शव को उतार दिया और वहीं पर प्रदर्शन करने लगे. लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा था. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहारी लोगों को समझाने में जुटे थे. हालांकि, पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. बच्चे के शव पर मुंह में चोट का निशान है. ऐसे में यह तो साफ हो रहा है कि उसकी हत्या की गई है, पर जिस तरीके से मां के साथ सोने के दौरान उसे नकाबपोश के द्वारा उठा ले जाने की बात सामने आ रही है उससे पुलिस को संदेह हो रहा है. पुलिस ने इस मामले में दो-तीन लोगों को हिरासत में भी लिया है. साथ ही मृतक बच्चे की मां से भी पूछताछ की जा रही है.
परिजनों पर ही लगे गंभीर आरोप
इधर घटना की जानकारी पर पहुंचे आर्यन के नाना और मामा ने आर्यन के दादा, दादी, पिता और फूफा पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है. मामले को सम्पति विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. आरोप है कि आर्यन को पहले भी मारने की कोशिश की गई थी.
दादा-दादी का कमरे में किया बंद, घर पर पथराव
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया. लोगों ने मृतक के दादा-दादी को घर में बंद कर दिया और पुलिस से उनके गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. उनके घर में पथराव भी किया गया. पथराव की घटना के बाद पुलिस हालत को नियंत्रित करने में लगी है. लोगों को शक है की कहीं न कहीं बच्चे की मौत में उसके परिजनों का ही हाथ है.
यह भी पढ़ें: गुमला में ‘ब्लैक मंडे’: 2 घंटे के भीतर तीन सड़क हादसों में चार की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
यह भी पढ़ें: झारखंड 11वीं बोर्ड में 99.12% छात्र सफल, छात्राओं ने फिर मारी बाजी, गुमला और गिरिडीह जिला रहा टॉपर
