कोडरमा. तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय के स्टूडेंट्स सर्विस सेल की ओर से विद्यालय के सभागार में किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष करियर काउंसलिंग और जागरूकता सत्र आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बाल मनोवैज्ञानिक, करियर काउंसलर, शिक्षाविद् और समाजसेवी शिल्पी सिंह रिसोर्स पर्सन के रूप में मौजूद रहीं.
तनाव और असफलता से निपटने के बताए तरीके
सत्र के दौरान शिल्पी सिंह ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था में आने वाली भावनात्मक और मानसिक चुनौतियों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने तनाव, निराशा, असफलता और कठिन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय बताए. उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और सकारात्मक आत्म-छवि विकसित करने के लिए प्रेरित किया. साथ ही स्वस्थ मित्रता और सकारात्मक सहपाठी संबंधों के महत्व पर चर्चा की. ऑनलाइन और ऑफलाइन संबंधों में स्वस्थ सीमाएं बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.
सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण इस्तेमाल
शिल्पी सिंह ने सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण इस्तेमाल, पर्याप्त नींद, नियमित दिनचर्या और संतुलित जीवनशैली को मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया. तनाव प्रबंधन के लिए गहरी सांस लेने, माइंडफुलनेस, डायरी लेखन और रचनात्मक गतिविधियों जैसी सरल तकनीकों की जानकारी दी गई.
ये भी पढ़ें: Koderma: सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेल में एथलेटिक्स में चमका तिलैया, 4x100 रिले में जीता गोल्ड
बुलिंग और साइबरबुलिंग को लेकर किया जागरूक
सत्र में विद्यार्थियों को बुलिंग, साइबरबुलिंग और सामाजिक दबाव के प्रति भी जागरूक किया गया. उन्हें ऐसी परिस्थितियों में सतर्क रहने और सकारात्मक तरीके से उनका सामना करने के बारे में बताया गया. विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता और प्राचार्या अंजना कुमारी ने संयुक्त रूप से कहा कि किशोरावस्था में विद्यार्थियों के मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक वातावरण होना चाहिए.
ये भी पढ़ें: Koderma : बिजली संकट के बीच लपसियाडीह को मिला नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों को राहत की उम्मीद
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
कार्यक्रम को संवादात्मक बनाया गया और विद्यार्थियों को सवाल पूछने का अवसर दिया गया. समर्थ पांडेय, तन्वी, अन्वेषा, अजीत, रितेश और दिव्यांजलि सोरेन ने विभिन्न सवाल पूछकर सत्र में सक्रिय सहभागिता की. कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट्स सर्विस सेल के समन्वयक सुधांशु कुमार के मार्गदर्शन में किया गया. संचालन और धन्यवाद ज्ञापन सुमित कुमार सिंह ने किया.
