कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
कोडरमा जिले में रविवार देर रात से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. देर रात हुई तेज बारिश के बाद सोमवार सुबह भी आसमान में बादल छाये रहे. इसी बीच रांची-पटना मुख्य मार्ग पर बसुंधरा पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह अचानक बरगद का पेड़ सड़क पर गिर गया. पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया.
पेड़ गिरने से यातायात बाधित
सुबह के समय मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण जाम की स्थिति गंभीर हो गयी. कई वाहन चालक और राहगीर काफी देर तक जाम में फंसे रहे. सड़क पर पेड़ गिरने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे जल्द हटाने की मांग की. लोगों का कहना था कि पेड़ हटाये जाने के बाद ही मार्ग पर यातायात सामान्य हो सकेगा. इधर, लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन भी बढ़ गयी है. इससे वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ रहा है.
बारिश के कारण जिले के तापमान में गिरावट
बारिश के कारण जिले के तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है. लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई स्थानों पर जलजमाव और पेड़ गिरने की घटनाओं से परेशानी बढ़ गयी है.
