सतगावां,कोडरमा: प्रखंड के पोखरडीहा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में लगातार मिल रही शिकायतों और व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है. शनिवार को उप विकास आयुक्त रवि जैन के नेतृत्व में जिला के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम कस्तूरबा विद्यालय पहुंची. अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक कर विद्यालय की वस्तुस्थिति का जायजा लिया.
जांच के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. हालांकि, जांच प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी. जांच के दौरान मीडिया को भी विद्यालय में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी.
मूलभूत सुविधाओं की कमी पर नाराजगी
जांच के दौरान विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आने की जानकारी है. इस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए सभी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से त्वरित निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया.
छात्राओं के स्वास्थ्य से जुड़े मामले को गंभीरता से लेते हुए पिछले दो दिनों से जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी विद्यालय में लगातार कैंप कर रहे हैं. अधिकारी विद्यालय की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि जल्द ही विद्यालय की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाएगा.
अभिभावकों को बच्चियों से नहीं मिलने देने का आरोप
इधर, विद्यालय के वार्डेन पर अभिभावकों को उनकी बच्चियों से मिलने नहीं देने का आरोप लगाया गया है. इसको लेकर परिजनों में नाराजगी है. अभिभावकों का कहना है कि उन्हें बच्चियों की स्थिति की जानकारी लेने और उनसे मिलने में परेशानी हो रही है.
