माइका लदे दो ट्रक जब्त दोनों चालक गिरफ्तार

कोडरमा : जिले में अवैध कारोबार पर समय-समय पर हो रही कार्रवाई के बावजूद अवैध धंधा रुक नहीं रहा है. कीमती माइका व ढिबरा का अवैध कारोबार लगातार पकड़ा रहे वाहनों के बावजूद जारी है. शनिवार की रात एसपी सुरेंद्र कुमार झा को मिली सूचना के आधार पर एक बार फिर पुलिस ने माइका लदे […]

कोडरमा : जिले में अवैध कारोबार पर समय-समय पर हो रही कार्रवाई के बावजूद अवैध धंधा रुक नहीं रहा है. कीमती माइका व ढिबरा का अवैध कारोबार लगातार पकड़ा रहे वाहनों के बावजूद जारी है. शनिवार की रात एसपी सुरेंद्र कुमार झा को मिली सूचना के आधार पर एक बार फिर पुलिस ने माइका लदे दो ट्रक को जब्त किया. जब्त ट्रकों पर कुल 42 टन माइका लदा मिला. इसकी कीमत बाजार में लाखों रुपये बतायी जाती है. मौके पर से दोनों ट्रक के चालकों को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में वन विभाग की ओर से मामला दर्ज किया गया है.
एसपी को सूचना मिली थी कि डोमचांच की ओर से अवैध माइका लदा ट्रक तिलैया की ओर जा रहा है. इस सूचना के आधार पर एसपी द्वारा गठित विशेष टीम व तिलैया पुलिस ने जांच अभियान के दौरान एक ट्रक को करमा के पास व एक को महतो आहर गुमो के पास से जब्त किया. महतो आहर के पास जब्त किये गये ट्रक (जेएच-12सी-3346) पर 22 टन माइका लदा था. इस दौरान चालक सदानंद मेहता (पिता- स्व सहदेव मेहता), निवासी नावाडीह डोमचांच को गिरफ्तार किया गया.
करमा के पास जब्त किये गये ट्रक (एचआर-64-8752) पर कुल 20 टन माइका लदा था. मौके पर से इसके चालक दिनेश गोस्वामी (पिता- फागूनाथ गोस्वामी) को गिरफ्तार किया गया.
पूरे मामले को बाद में वन विभाग को सौंप दिया गया. डीएफओ एमके सिंह के निर्देश पर कोडरमा के रेंजर सत्येंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे. कार्रवाई के दौरान तिलैया थाना प्रभारी कामेश्वर ठाकुर भी मौजूद थे. जब्त दोनों ट्रकों को लेकर वन विभाग की ओर से अलग-अलग रेंज में दो मामले दर्ज किये गये है.
पहला मामला गझंडी रेंज में दर्ज किया गया है. इसमें ट्रक नंबर जेएच-12-सी-3346 के चालक के अलावा ट्रक मालिक वीरेंद्र मेहता (पिता- शंभु मेहता), निवासी महेशपुर मंधौती महुआ को आरोपी बनाया गया है. पदाधिकारी ने बताया कि ट्रक पर लदे माइका का अवैध उत्खनन गझंडी के कोवावर जंगली क्षेत्र में करने के बाद लाया जा रहा था. एक अन्य मामले में कोडरमा रेंज में दर्ज किया गया है. इसमें ट्रक नंबर एचआर-64-8752 के चालक के साथ ही इसके मालिक टिंकू मेहता (पिता- मकसूदन मेहता), निवासी तेतरियाडीह डोमचांच को आरोपी बनाया गया है. ट्रक पर लदे माइका का अवैध उत्खनन ढोढाकोला जंगली इलाके में करने के बाद लाया जा रहा था.
जंगली व पहाड़ी इलाकों में अवैध खनन
जिले के कई जगहों पर माइका का अवैध उत्खनन जंगल व पहाड़ी इलाकों में चल रहा है. कुछ लोग इसे रोजी-रोजगार का मुद्दा बना कर अपनी राजनीति चमका रहे हैं. इस अवैध कारोबार के बल पर वे लाखों रुपये कमा भी रहे हैं. जिला पुलिस प्रशासन हो या वन विभाग छापामारी के दौरान ट्रक तो जब्त किये जाते हैं, पर बड़े कारोबारियों पर शिकंजा कसने के लिए ठोस कदम नहीं उठाये जाते. बीते दिन कोडरमा व नवादा जिले के डीसी-एसपी की संयुक्त बैठक तो आहूत की गयी, पर ऐन मौके पर यह बैठक स्थगित कर दी गयी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >