पांच मई से लापता था युवक, कुएं में मिला शव
जमीन विवाद में हत्या का पत्नी ने लगाया आरोप
डोमचांच : थाना क्षेत्र अंतर्गत मसनोडीह पंचायत के टोला गरहा के एक कुआं से गुरुवार को युवक का शव बरामद किया गया. युवक की पहचान राम विलास पासवान (पिता- महावीर पासवान) के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि पांच मई से ही युवक लापता था. रामदेव पासवान का शव उसके घर से 250 मीटर दूर स्थित गरहा टोला के कुआं से बरामद होने पर गांव में सनसनी फैल गयी. शव पूरी तरह सड़ गया था. शव मिलने की सूचना पर डोमचांच थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंच व शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया. शव सड़ा-गला होने की वजह से कोडरमा में पोस्टमार्टम नहीं हो पाया. शव को अंत्यपरीक्षण के लिए रांची रिम्स भेजा जा रहा है.
इधर, मृतक की पत्नी सरिता देवी ने डोमचांच थाना में दिये अपने फर्द बयान में पति की हत्या का आरोप पड़ोसी पर लगाया है. महिला के अनुसार उसके पति की हत्या जमीन विवाद में की गयी है. सरिता देवी ने पड़ोस के ही राजेंद्र पासवान (पिता सुकर पासवान) पर हत्या कर शव को कुआं में डालने का आरोप लगाया है.
