झुमरीतिलैया : कोडरमा हजारीबाग वाया बरकाकाना चलनेवाली ट्रेन का उदघाटन कर लौट रहे हाजीपुर जोन के डीएम डीके गायन ने कोलकाता जाने के क्रम में कोडरमा स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कोडरमा तिलैया नयी रेल परियोजना 65 किलोमीटर की है. इसमें 15 किलोमीटर का एरिया झारखंड में पड़ता है. इस 15 किलोमीटर में कार्य पूर्ण होने की स्थिति में है. बाकी का 50 किलोमीटर बिहार क्षेत्र में पड़ता है.
उसमें जमीन अधिग्रहण को लेकर परेशानी आ रही है. इसे पूरा होने में समय लगेगा. कोडरमा-कोवाड़ वाया गिरिडीह रेल लाइन के बारे में उन्होंने कहा कि गिरिडीह रेल परियोजना में पड़ने वाले 16 गांवों की जमीन मिल गयी है, शेष तीन गांवों की जमीन की अधिग्रहण जनवरी 2017 तक कर ली जायेगी. श्री गायन ने बताया कि अगले वर्ष 2017-18 मार्च माह तक यह परियोजना गिरिडीह तक पहुंच जायेगी. कोडरमा हजारीबाग वाया बरकाकाना रेल लाइन पर पारंपरिक ट्रेन की जगह डेमो ट्रेन चलाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस ट्रेन में कम कोच होते है.
इसमे यात्रियों को थोड़ी परेशानी होती है. मगर दोनों ट्रेनों में यात्रा को लेकर कोई खास अंदर नहीं होता है. उन्होंने बताया कि नवलशाही में गुड्स शेड की स्वीकृति मिल गयी है, पिपराडीह में रैक प्वाइंट होने के बावजूद कोडरमा मे रैक प्वाइंट संचालित होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिपराडीह रैक प्वांइट का कुछ कार्य अधूरा है.
मगर शीघ्र ही रैक प्वाइंट को कोडरमा से पिपराडीह स्थानांतरित किया जायेगा. कोडरमा स्टेशन पर व्याप्त पेयजल की समस्या पर उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है. मौके पर श्री गायन के अलावा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एलएन झा, डीआरएम एमके अखौरी, सीओएम अनिल शर्मा, सीनियर डीसीएम आशीष झा, परिचालन प्रबंधक संजय कुमार, सीपीआरओ अरविंद कुमार रजक, पीआरओ संजय कुमार प्रसाद मौजूद थे.
