एक ही नारा, एक ही नाम– जय श्री राम, जय श्री राम

जिले भर में उत्साह के साथ मनाया गया रामनवमी का त्योहार

जिले भर में उत्साह के साथ मनाया गया रामनवमी का त्योहार झुमरीतिलैया. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार को जिले भर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला. सुबह से ही शहर व गांव की गलियां, चौक-चौराहे और मुख्य मार्ग जय श्री राम के जयघोष से गुंजायमान हो उठे. श्रद्धालु घरों की छतों, दुकानों और सड़कों पर उमड़ पड़े, जहां वे रामनवमी के भव्य जुलूस और झांकियों के दर्शन को आतुर दिखे. जैसे ही झांकियां नगर भ्रमण पर निकलीं, पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और हर ओर उत्सव का रंग छा गया. शहर और आसपास के क्षेत्रों से निकली विभिन्न आकर्षक झांकियों का भव्य मिलान स्थानीय ब्लॉक मैदान में देर रात हुआ. इस अवसर पर श्रीरामनवमी झंडा महासमिति द्वारा सभी अखाड़ा समितियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. ब्लॉक मैदान पहुंचते ही अखाड़ा समितियों के खिलाड़ियों ने परंपरागत हथियारों के साथ रोमांचक और साहसिक करतबों का प्रदर्शन किया. लाठी, तलवार, फरसा और मुग्दल के हैरतअंगेज खेलों ने भीड़ को मंत्रमुग्ध कर दिया. दर्शक हर प्रदर्शन पर तालियों और जयकारों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आये. शहर के विभिन्न स्थानों पर झांकियों और जुलूसों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया. ताशा और ढोल की गूंजती थाप पर युवा पूरे उत्साह के साथ झूमते रहे, जिससे माहौल और भी जीवंत हो उठा. देर रात तक ब्लॉक मैदान में झांकियों का मिलन और अखाड़ा समितियों के खेल-प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहा. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर आयोजन का आनंद लेते रहे. पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की भी सुंदर झलक प्रस्तुत की. सुरक्षा के दिखे कड़े प्रबंध, डीसी-एसपी लेते रहे जायजा : रामनवमी को लेकर जिले भर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध दिखे. विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं शांतिपूर्ण बनाये रखने के उद्देश्य से डीसी ऋतुराज व एसपी अनुदीप सिंह ने संयुक्त रूप से जयनगर, मरकच्चो प्रखंड सहित विभिन्न प्रखंडों का दौरा किया. इस दौरान डीसी-एसपी ने संवेदनशील व अतिसंवेदनशील स्थलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया. डीसी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द्र एवं शांति के साथ संपन्न हो. एसपी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है. लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >