कोडरमा : जिले में इन दिनों सिक्का नहीं चलने की अफवाह से दुकानदार से लेकर अन्य जगहों पर हंगामा की स्थिति बन रही है. प्रतिदिन कहीं न कहीं सिक्का नहीं लेने को लेकर विवाद हो रहा है. अब सरकारी राशन की दुकान में भी सिक्का नहीं लिये जाने व इसका विरोध करने पर मारपीट की शिकायत सामने आयी है. जयनगर प्रखंड के ककरचोली निवासी सहदेव यादव सोमवार को अपनी फरियाद लेकर उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा के जनता दरबार में पहुंचे.
दिव्यांग सहदेव का आरोप था कि बीते दिन वह राशन का सामान लेने के लिए पीडीएस दुकानदार श्याम सुंदर यादव की दुकान पर गया था. उसने राशन के बदले दो व पांच रुपये का सिक्का दिया, तो दुकानदार ने लेने से मना कर दिया. जब उसने इसका कारण पूछा तो मारपीट की गयी. दिव्यांग का आरोप है कि पिछले कई दिनों से उसे यही कारण से घुमाया जा रहा था. डीसी ने मामले की जांच करा कर कार्रवाई का आश्वासन दिया.
