खूंटी से चंदन मुंडा की रिपोर्ट
कर्रा. कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत जलंगा गांव में शुक्रवार को महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली. इस अवसर पर सुबह महिलाओं ने अपने-अपने घर-आंगन की सफाई करने के बाद गांव में एकत्र हुये. जहां भाजपा महिला मोर्चा खूंटी जिला अध्यक्ष सीमा देवी की अगुवाई में गेरुआ वस्त्र धारण कर महिलायें खरवागढ़ा नदी पहुंचीं.
वहां भगवान भोलेनाथ की स्तुति करने के बाद कलश में जल लेकर हर-हर महादेव, जय शिव शंकर भोलेनाथ और जय बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए नंगे पांव जलंगा गांव पहुंचीं. महिलाओं ने गांव स्थित बजरंगबली मंदिर, शिव मंदिर और देवी मंडप में जलाभिषेक किया.
इसके बाद कीर्तन का आयोजन किया गया. भगवान भोलेनाथ और बजरंगबली को चना-गुड़ का भोग लगाया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
