खूंटी से भूषण कांसी की रिपोर्ट
Road Accident: झारखंड के खूंटी जिले में रांची-सिमडेगा स्टेट हाईवे तीन पर रनिया थाना क्षेत्र के मरचा मोड़ के समीप शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार डोमिनार 400 सीसी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकरायी. हादसा 20 फरवरी की शाम करीब 7.30 बजे का बताया जा रहा है. दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गयी.
बलंकेल गांव के दो युवक थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार रनिया थाना क्षेत्र के बलंकेल गांव निवासी 20 वर्षीय बेनिदिक कंडुलना और 18 वर्षीय विमल कंडुलना बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान मरचा मोड़ के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे विद्युत पोल से टकरा गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल क्षतिग्रस्त हो गया और बिजली के तार सड़क पर गिर पड़े.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से रेफरल अस्पताल तोरपा भेजा गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान विमल कंडुलना ने दम तोड़ दिया. बताया जाता है कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे उसकी जान नहीं बचायी जा सकी. बेनिदिक कंडुलना का इलाज जारी है.
चेन्नई जाने की थी तैयारी
जानकारी के मुताबिक विमल मजदूरी के लिए चेन्नई जा रहा था. पोकला रेलवे स्टेशन से ट्रेन छूट जाने के बाद उसने अपने दोस्त बेनिदिक को वापस घर छोड़ने के लिए बुलाया था. दोनों बलंकेल लौट रहे थे, तभी मरचा मोड़ के पास यह हादसा हो गया. परिवार और गांव में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में जेएमएम के नेता राकेश महतो की हत्या, कॉलेज के पास मिला शव
बिजली आपूर्ति बाधित, पुलिस जांच में जुटी
विद्युत पोल टूटने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन कटवायी, जिसके बाद टूटे पोल और तार को सड़क से हटाया गया. इधर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: होली पर रांची से खुलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
