कर्रा. कर्रा प्रखंड के उडिकेल पंचायत के चांपी गांव में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण दो गरीब परिवारों के मकान ध्वस्त हो गए. 28 और 29 अगस्त को हुई अतिवृष्टि के बाद 29 अगस्त की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच अचानक जोनसन आईंद का मकान तथा पुष्पल आईन्द का इंदिरा आवास का घर भरभराकर गिर गया.
घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है. पीड़ित लोगों ने बताया कि मकान गिरने के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया. हालांकि मकान ध्वस्त होने से घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद उडिकेल पंचायत के मुखिया क्षत्री हेमरोम पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और ध्वस्त मकानों का जायजा लिया.
उन्होंने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया. मुखिया क्षत्री हेमरोम ने कहा कि अतिवृष्टि के कारण गरीब परिवारों का आशियाना उजड़ना बेहद दुखद और चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों की स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया जाएगा.
