खूंटी: सावन माह की पहली सोमवारी पर जिले के विभिन्न शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. अंगराबारी स्थित आम्रेश्वर धाम में रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. सोमवार सुबह बनई नदी से जल लेकर श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मंदिर पहुंचे और पट खुलते ही भगवान शिव का जलाभिषेक किया.
बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि पहली सोमवारी पर 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गयी थी. जिला प्रशासन, पुलिस बल और मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारी पूरे दिन व्यवस्था संभालते रहे.
राज्य के खाद्य आपूर्ति सचिव राजेश कुमार शर्मा ने भी परिवार के साथ आम्रेश्वर धाम पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति ने उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया. पहली सोमवारी के अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
इधर, शहर के प्राचीन महादेव मंडा सहित जिले के अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही.
तोरपा के शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयघोष
तोरपा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में भी पहली सोमवारी पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. श्रद्धालुओं ने जल, बेलपत्र, धतूरा और दूध अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. तोरपा चौक स्थित शिव मंदिर, महादेव मंडा और पतराउयूर के बाबा नागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
अर्जुनेश्वर धाम में उमड़ी शिवभक्तों की भीड़
सोदे स्थित अर्जुनेश्वर शिव मंदिर में भी पहली सोमवारी पर सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. खूंटी, रांची, सिमडेगा समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की. पूरे दिन मंदिर परिसर भोलेनाथ के जयघोष से गूंजता रहा.
