खूंटी. आदिवासी कांग्रेस कमेटी के बैनर तले मंगलवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय परिसर में पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गोष्ठी सह बैठक हुई. बैठक में पेसा कानून के प्रावधानों को झारखंड में लागू करने और ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने को लेकर चर्चा की गयी.
झारखंड में नियम लागू करने की मांग
वक्ताओं ने कहा कि पेसा कानून आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और स्वशासन के अधिकारों से जुडा महत्वपूर्ण कानून है. झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में इसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है. बैठक में सर्वसम्मति से सरकार से पेसा कानून के नियमों को अविलंब झारखंड में लागू करने का आग्रह करने का निर्णय लिया गया.
सभी जिलों में गोष्ठी कराने का निर्णय
बैठक में ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने के लिए पंचायत स्तर तक जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. साथ ही झारखंड के सभी जिलों में पेसा कानून को लेकर इसी तरह की गोष्ठियां आयोजित करने पर सहमति बनी.
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी प्रकोष्ठों की कोऑर्डिनेटर दयामनी बारला, जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज उरांव, प्रदेश संगठन महासचिव सुनीत शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता और विधानसभा प्रभारी हिमांशु सहित अन्य मौजूद थे. मौके पर विलसन तोपनो, एलेक्सियूस परधिया, बसंत बालमुचू, रोयल बाखला, संदीप सांगा, अल्बर्ट होरो, भीमसेंट लोहरा, बिनसाय मुंडा, जोसेफ होरो, ओन हेरेंज सहित अन्य उपस्थित थे.
