खूंटी : पुस्तकालय ज्ञान का खजाना होता है. यूथ पुस्तकालय का समुचित उपयोग करें. सुनहरा भविष्य आप सभी का जरूर होगा. यह बात रविवार को उपायुक्त डॉ मनीष रंजन ने खूंटी के आरसी चर्च परिसर में स्थापित बिरसा जयपाल रामदयाल मुंडा संग्रहालय सह पुस्तकालय के उदघाटन समारोह में कही. उपायुक्त व एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से पुस्तकालय का उदघाटन किया. उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में परंपरागत संस्कृति से जुड़ी कई किताबें हैं. ऐसी पुस्तकों के अध्ययन से क्षेत्रीय संस्कृति जीवंत होती है.
युवा स्वअध्यायी बनें. फुरसत के क्षणों का पूरा उपयोग पुस्तकालय में बितायें. समय का पूरा सदुपयोग करें. आगे उन्होंने कहा कि जिला में यूथों के स्वावलंबन के बाबत कौशल विकास की कई योजनाएं चलायी जा रही है. सभी योजना का पूरा लाभ उठायें. स्वावलंबी बनाने में जिला प्रशासन सदैव बेरोजगारों के साथ है. एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने कहा कि पुस्तक को युवा अपना सच्चा साथी बनायें. पुस्तक को सही दोस्त बना कर उसकी अच्छाइयाें एवं ज्ञान को ग्रहण कर सकते हैं. बिशप विनय कंडुलना ने कहा कि पुस्तकालय की स्थापना ईश्वरीय आशीष की देन है. ज्ञान का समावेश यूथों में कराना ही इसका मूल मकसद है.
इससे पूर्व डीसी व एसपी का यहां विद्यार्थियों ने परंपरागत तरीके से अभिनंदन किया. संचालन अनिल भेंगरा ने किया. मौके पर एसडीपीओ खूंटी रणवीर सिंह, एसडीपीओ नाजीर अख्तर, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, दुर्गावती ऑड़ेया, फादर अगुस्तीन, मीनाक्षी ऑड़ेया, फादर विशु बेंजामिन, फादर हीरालाल, समीर तोपनो, मेलानी सांगा, थानेदार अहमद अलि, अनमोल सूरन आदि मौजूद थे.
