एसजीवीएस अनिगड़ा को मिला एंबुलेंस
खूंटी : जिले में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उपकेंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश डीसी डॉ मनीष रंजन ने सोमवार को सिविल सर्जन डॉ बिनोद उरांव को दिया.
डीसी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को रोस्टर के अनुसार ड्यूटी करने एवं नियमित ड्यूटी करने की जांच के बाबत सभी बीडीओ को औचक निरीक्षण करने को कहा. बीडीओ ने संबंधित प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. बीडीओ कर्रा के रिपोर्ट के मुताबिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्रा में रोस्टर के मुताबिक डॉ रोमा कुमारी, डाॅ अंशुमन शर्मा, डॉ मुशरफ उपस्थित थे तथा नोटिस बोर्ड में डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित किया गया था. तोरपा में डॉ एन मांझी व डॉ सुदीप कच्छप उपस्थित थे, जबकि डॉ मनीषा कुमारी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थीं.
मुरहू में डॉ धनंजय सुबरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित मिले. अड़की में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व डॉ सुनीता उपस्थित थीं. रनिया में भी चिकित्सक उपस्थित थे. खूंटी प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी कार्य नहीं कर रहा है तथा ड्यूटी चार्ट का प्रदर्शन नहीं किया गया है.
एक अन्य जानकारी के मुताबिक डीसी ने अग्रणी बैंक प्रबंधक, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी स्कूली बच्चों का अभियान चला कर बैंक खाता खोलने एवं जिन बच्चों का आधार कार्ड नहीं बना है, उनका आधार नंबर लिंक करने के लिए सभी बैंकों को स्कूलों में कैंप करने का निर्देश दिया. डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को जनसंवाद मामलों में 24 घंटों के अंदर प्रतिवेदन देने को कहा. पदाधिकारियों को छुट्टी का आवेदन ऑनलाइन देने का निर्देश दिया.
डीसी ने उपकारा अधीक्षक को उपकारा में कैदियों की सुरक्षा सुदृढ़ करने को कहा. मुलाकातियों का विवरण दर्ज करने व पुख्ता जांच के बाद ही बंदियों से मिलने के लिए निर्धारित समय देने, न्यायालय में पेशी के दौरान बंदियों को कड़ी सुरक्षा में ले जाने व उपकारा में बंदियों को निर्धारित सुविधा (भोजन आदि) बेहतर ढंग से देने को कहा. डीसी ने एसजीवीएस अस्पताल अनिगड़ा खूंटी को एक एबुंलेंस प्रदान किया. एंबुलेंस सांसद कड़िया मुंडा ने सांसद निधि से प्रदान किया गया है.
