सिल्ली : सिल्ली प्रखंड के राशन दुकानों से उपभोक्ताओं को पिछले छह माह से चीनी नहीं मिल रही है. सिल्ली के डीलरों ने बताया पिछले नवंबर-2016 को डीलरों द्वारा चीनी के लिए ड्रॉफ्ट जमा कर दिया गया है.
इसके बावजूद विभाग द्वारा डीलरों को चीनी की आपूर्ति नहीं की गयी है. डीलरों ने आरोप लगाया की डोर-टू-डोर आपूर्ति कर्मी की भी लापरवाही के कारण चीनी का उठाव नहीं हो पा रहा है. पुन: डीलरों द्वारा चीनी का ड्रॉफ्ट जमा करने के लिए बीएसओ राजशेखर ने आदेश जारी किया है. जिसे डीलरों ने पुरजोर विरोध करते हुए, ड्रॉफ्ट बनाने से इंकार कर दिया है. डीलरों ने कहा कि प्रखंड के लगभग 70 डीलरों को 30 से 40 हजार रुपये का ड्रॉफ्ट जमा है. एेसे में पुन: चीनी के लिए ड्रॉफ्ट बनाना असंभव है.
डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा चार माह पूर्व बनाये गये ड्रॉफ्टों पर चीनी नहीं मिलने के कारण अगला ड्रॉफ्ट बनाने में वे असमर्थ हैं. बीएसओ राजशेखर ने कहा यह मामला उच्च अधिकारियों के पास पहुंचा दी गयी है. डीएसओ व अन्य पदाधिकारी ही इस संबंध में कुछ कह सकते हैं.
