खूंटी : भाजपा सरकार गांवों का विकास चाहती है. कोई भी क्षेत्र बुनियादी समस्याअों से ग्रसित नहीं रहेगा. हर क्षेत्र का विकास किया जायेगा. यह बातें ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कही. वह बुधवार को मुरहू के जिऊरी (किताहातू) गांव में ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल द्वारा चार करोड़ की लागत से बनाये जानेवाले पुल के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे.
इससे पूर्व उन्होंने पुल का शिलान्यास किया. मंत्री ने कहा कि सरकार गांवों के विकास पर पूरा ध्यान दे रही है. गांव के विकास के लिए अच्छी सड़क व पुल का होना जरूरी है. आवागमन के रास्ते खुलेंगे, तो क्षेत्र विकास की राह पर आयेगा. कृषि व अन्य व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा. श्री मुंडा ने कहा कि खूंटी विस क्षेत्र विकास के मामले में अन्य विस क्षेत्र से काफी आगे है. कोई भी क्षेत्र बुनियादी समस्याओं से महरूम नहीं रहेगा.
उन्होंने कहा कि किताहातू में पुल निर्माण की मांग जनता की थी. आज भाजपा की सरकार उस मांग को पूरा कर रही है.
इस पुल के बन जाने से किताहातू, पीड़ीहातू, रूगरी, जिऊरी, कूदा, ओटोंगरा सहित अन्य गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी. बरसात में उन्हें दिक्कत नहीं झेलनी पड़ेगी. उन्होंने पुल का निर्माण गुणवत्तायुक्त बनाने पर बल दिया. भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो ने कहा कि भाजपा सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा कर दिखाती है. मौके पर ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के मुख्य अभियंता विवेकानंद मिश्र, कार्यपालक अभियंता रामाकांत तिवारी, कनीय अभियंता मोतीलाल महतो, जिला 20 सूत्री के उपाध्यक्ष ओपी कश्यप, राजेश अग्रवाल, विकास चौधरी, ज्योतिष भगत, लव चौधरी, धर्मेंद्र नाथ तिवारी, बिहारी साव, जय भाला, विजय स्वांसी, राजू गुप्ता, विनोद नाग, लीलू पाहन सहित अन्य मौजूद थे.
