Bar Council Election: झारखंड स्टेट बार काउंसिल का पंचवर्षीय चुनाव 12 मार्च को होगा. 12 मार्च को दिन के 10 बजे से शाम पांच बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. राज्य के 37 जिला और अनुमंडलीय बार एसोसिएशन में मतदान की व्यवस्था की गई है. इसके लिए 75 मतदान केंद्र बनाये जा रहे हैं. एक मतदाता कुल 23 पदों के लिए मतदान कर सकेंगे.
बैलेट पेपर पर होगा मतदान
झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की तैयारियां जोरों पर है. 500 से अधिक मतदातावाले बार एसोसिएशन में दो बैलेट बॉक्स का इस्तेमाल किया जाएगा. चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने बताया कि तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बैलेट बॉक्स जिलों में भेजे जा रहे हैं. 37 बार एसोसिएशन में 75 बूथ बनाए जा रहे हैं, जिसमें मतदान कराए जाएंगे. 75 पीठासीन पदाधिकारी चुनाव को संपन्न कराएंगे. प्रत्येक बार एसोसिएशन में एक-एक पर्यवेक्षक की भी नियुक्ति की जाएगी.
झारखंड हाइकोर्ट परिसर में बनेंगे 10 बूथ
मतदाता अपना पहचान पत्र दिखाकर वोट डाल सकेंगे. झारखंड हाइकोर्ट परिसर में 10 बूथ बनाए जाएंगे. वहीं, रांची और धनबाद जिला बार एसोसिएशन में आठ-आठ बूथ रहेंगे, जबकि बोकारो में तीन, गिरिडीह में तीन, हजारीबाग में चार, जमशेदपुर में पांच सहित अन्य सभी जिला बार एसोसिएशन में बूथ बनाए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: राम भरोसे धनबाद रेल पुलिस: न साहिब हैं, न सिपाही, दो महीने से खाली है जवानों की जेब
काउंसिल के 23 पदों के लिए होगा मतदान
चुनाव मैदान में 100 उम्मीदवार खड़े हैं. इनमें 75 पुरुष और 25 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्य पदों में 23 पर चुनाव हो रहा है, जिसमें 18 पुरुष और पांच महिला सदस्यों का चुनाव मतदान से किया जाएगा. 25001 अधिवक्ता (मतदाता) मतदान में शामिल होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. महिला सदस्य का दो पद मनोनयन के आधार पर चुना जाएगा. पहली बार महिला अधिवक्ताओं के लिए स्टेट बार काउंसिल की सात सीटें आरक्षित की गई हैं.
इसे भी पढ़ें: नौ मार्च से झारखंड में मिट्टी की खुदाई बंद, हड़ताल करेंगे मनरेगा कर्मी
