पहली ही बारिश में बह गई सड़क, जलजमाव से ग्रामीण परेशान, बच्चों की सुरक्षा पर सवाल

नारायणपुर के खरियोडीह गांव में नई पीसीसी सड़क पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में है. जलजमाव से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है. ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की है.

नारायणपुर (जामताड़ा) : प्रखंड क्षेत्र की पोस्ता पंचायत अंतर्गत आदिवासी बहुल खरियोडीह गांव में हाल ही में निर्मित पीसीसी सड़क पहली ही बारिश में अपनी गुणवत्ता को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है. जिस सड़क से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की उम्मीद थी, वहीं अब बारिश का पानी जमा होने और कीचड़ फैलने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.

ग्रामीण विकास विभाग की ग्राम सड़क योजना के तहत नावाटांड़ से एकसिंह गांव तक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है. इसी परियोजना के तहत कुछ दिन पहले खरियोडीह गांव में पीसीसी सड़क का निर्माण हुआ था. लेकिन निर्माण के कुछ ही दिनों बाद बारिश का पानी सड़क पर जमा होने लगा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बच्चों के स्कूल जाने का यही मुख्य रास्ता है. सड़क पर पानी भरने और फिसलन होने से हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. जलजमाव के कारण बुजुर्गों और महिलाओं को भी आवाजाही में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीण सुरेंद्र सोरेन, राजेंद्र सोरेन, महेंद्र सोरेन, पुराण राय, चुडू मुर्मू और बड़की मुर्मू समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई. यही वजह है कि हल्की बारिश में भी सड़क तालाब जैसी नजर आने लगती है.

ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की

ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की समीक्षा करने और दोषी संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही जल्द स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की अपील की है.

एक सप्ताह में बनेगी नाली : जेई

मामले पर विभागीय जूनियर इंजीनियर अंकित कुमार ने बताया कि जहां पानी जमा हो रहा है, वहां नाली निर्माण की स्वीकृति पहले से मिल चुकी है. संवेदक को एक सप्ताह के भीतर नाली बनाने का निर्देश दिया गया है. यदि तय समय में कार्य पूरा नहीं हुआ तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

स्थल निरीक्षण कराएंगे : मुखिया

पोस्ता पंचायत के मुखिया वीरेंद्र प्रताप हेंब्रम ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. वे जल्द ही स्थल का निरीक्षण करेंगे और संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे.

ये भी पढ़ें...

झारखंड में LPG की चोरी, चांडिल में 64 सिलेंडर के साथ अंतरजिला गिरोह के तीन चोर गिरफ्तार

सुजीत सिन्हा एनकाउंटर: शरीर से मिलीं 2 गोलियां, परिजनों ने उठाए सवाल, कहा- 'पहले से था जान का खतरा'


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >