जामताड़ा : उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में कृषि, आत्मा, उद्यान एवं भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में वार्षिक कृषि योजना, बीज वितरण, मृदा स्वास्थ्य जांच, कृषक पाठशाला, फसल सुरक्षा, अम्लीय मृदा सुधार, उर्वरक उपलब्धता, कृषि मेला समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी.
योग्य किसानों को मिले योजनाओं का लाभ
डीसी ने प्रकाशित विज्ञापन एवं विभागीय एसओपी के अनुसार योग्य, जरूरतमंद एवं अहर्ताधारी किसानों को योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया. उन्होंने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी.
कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई
खाद की कालाबाजारी और अधिक मूल्य पर बिक्री की शिकायतों पर नियमित अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. डीसी ने दोषी दुकानों का लाइसेंस रद्द करने की भी हिदायत दी. भूमि संरक्षण विभाग की तालाब जीर्णोद्धार, पंपसेट, डीप बोरिंग, परकोलेशन टैंक एवं ट्रैक्टर योजनाओं की भी समीक्षा की गयी. मौके पर डीडीसी असीम किस्पोट्टा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
